Thursday, October 16, 2014

छुट्टी नहीं मिलने पर सशस्‍त्र बल के जवान ने खुद को मारी गोली

छुट्टी नहीं मिलने पर सशस्‍त्र बल के जवान ने खुद को मारी गोली

रायपुर (निप्र)। छुट्टी नहीं मिलने से परेशान छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (छसब) के एक जवान ने अपने इंसास राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली पेट को चीरती हुई सिलिंग में जा धंसी। जवान को गंभीर हालत में पचपेड़ी नाका के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना रविवार शाम को सिविल लाइन थाना के पीछे पुलिस क्वार्टर में हुई। गोली चलने से थाना और पुलिस क्वार्टर में हड़कंप मच गया।
सीएसपी इंदिरा कल्याण ऐलिसेला ने बताया कि छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 12 बटालियन में पदस्थ सिपाही पवन राय (28) मूलत: बिहार वैशाली का रहने वाला है। वह 2008 से छत्तीसगढ़ में पदस्थ है। वर्तमान में उसकी ड्यूटी क्वार्टर गार्ड के रूप में लगी हुई है। रविवार दोपहर 3 बजे वह ड्यूटी करके अपने बैरक पहुंचा। राइफल बिस्तर पर रखकर दूसरे बैरक में जाकर अन्य सिपाहियों के साथ मैच देखने लगा। वहां से वह अपने बैरक वापस आ गया।
एक घंटे बाद शाम 5.30 बजे जब बैरक में कोई नहीं था, खुद को गोली मार ली। क्वार्टर और सिविल लाइन थाने में हड़कंप मच गया। थाने वाले सब बाहर आ गए। सब देखने लगे गोली कहां चली है। वहीं छसब के जवान भी बाहर आ गए। कुछ जवान बैरक में दौड़ कर गए तो देखा कि पवन बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा है। तुरंत सिविल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस वाले घायल जवान को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के हवाले से पुलिस ने बताया कि जवान खतरे से बाहर है। वह बातचीत कर रहा है। पुलिस ने राइफल जब्त कर ली है।
गोली पेट चीरकर निकली
पुलिस ने बताया पवन के पेट में गोली नहीं फंसी है। पेट को चीरकर सीधे सिलिंग से जा धंसी। इस वजह से सिलिंग में बड़ा से छेद हो गया है। राइफल में एक गोली फंसी हुई है। पुलिस ने बताया जवान ने बिस्तर के ऊपर खड़े होकर नीचे झुककर अपने आप को गोली मारी है। तभी गोली सिलिंग में जा धंसी, नहीं तो गोली आजू-बाजू दीवार पर जा धंसती। पुलिस ने पवन के बिस्तर की जांच की, तो एक खोका मिला है। मौके से कोई पत्र नहीं मिला है।
भाई बहन की शादी
घायल जवान पवन के साथियों ने बताया कि अगले माह पवन और उसकी बहन की शादी है। पवन शादी के लिए छुट्टी का आवेदन लेकर कमांडेट के पास गया था, लेकिन उसे छुट्टी नहीं मिल पाई। इसकी वजह से वह परेशान चल रहा था। शायद इसी वजह से उसने गोली मारी है।
घर पर की बात
पुलिस ने बताया कि पवन ने घटना के पहले घर पर बात की है। संभवत: घरेलू परेशानी के चलते भी उसने ऐसा किया होगा। अब तक पवन का बयान नहीं हो पाया है। पुलिस ने उनका मोबाइल जब्त कर लिया है।
पांच साल में पांच घटना
राजधानी में छसब और पुलिस कर्मियों द्वारा खुद को गोली मारने की यह पांचवीं घटना है। इन घटनाओं में तीन में कर्मचारी की मौत हो गई। पहली घटना सिविल लाइन में हुई थी, जहां पुलिस की गाड़ी में ही एक जवान ने खुद को गोली मारी थी। जवान की मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना जयस्तंभ चौक पर हुई थी। रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान खमतराई के सिपाही ने छुट्टी नहीं मिलने पर खुद को गोली मार ली थी, हांलाकि डॉक्टरों ने उनकी जान बचा ली। पुलिस लाइन में एक सिपाही ने खुद को गोली मारी थी, उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं 2013 में छसब के ही एक सिपाही ने विधायक कॉलोनी में खुद गोली मार ली थी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।

No comments:

Post a Comment